This article is in Hindi.এই লেখাটি হিন্দিতে।यह लेख हिंदी में है। Also available in:অন্য ভাষায়:अन्य भाषाओं में: English · বাংলা
बहुत से लोग मानते हैं कि नशा मतलब चरित्र की कमज़ोरी। असल में लंबे समय तक शराब या नशीले पदार्थ लेने से दिमाग़ का आनंद और आत्म-नियंत्रण वाला तंत्र बदल जाता है। तब नुकसान जानते हुए भी व्यक्ति रुक नहीं पाता। इसे लत या सब्सटेंस यूज़ डिसऑर्डर कहते हैं। सिर्फ़ "अब नहीं पिऊँगा" की क़सम से आमतौर पर काम नहीं चलता, पर सही इलाज से अनगिनत लोग नशामुक्त ज़िंदगी में लौटते हैं।
ज़रूरी बातें
- हमारे यहाँ आम समस्याएँ: शराब, तंबाकू, गांजा-भांग, स्मैक और दूसरे ओपिऑइड, नींद की गोलियों व कफ़ सिरप का ग़लत इस्तेमाल।
- ज़्यादा मात्रा में शराब या नींद की गोलियाँ अचानक छोड़ने पर दौरे और भ्रम हो सकते हैं; इसलिए नशा डॉक्टर की देखरेख में छुड़ाया जाता है।
- शराब और ओपिऑइड की लत में तलब घटाने और दोबारा शुरू होने से रोकने वाली दवाएँ हैं।
- काउंसलिंग और परिवार के साथ के बिना स्थायी कामयाबी मुश्किल है।
लत की पहचान
- पहले जैसा असर पाने के लिए ज़्यादा मात्रा चाहिए।
- न मिलने पर हाथ काँपना, पसीना, बेचैनी, नींद न आना, चिड़चिड़ापन।
- कम करने की कोशिशें बार-बार नाकाम; सोचे से ज़्यादा ले लेना।
- नशे का इंतज़ाम करने, लेने और उसका असर उतारने में बहुत समय जाना।
- काम, परिवार और सेहत की अनदेखी; पैसे उधार लेना या चोरी।
- लिवर की बीमारी, दुर्घटना, झगड़े या क़ानूनी मुसीबत के बावजूद जारी रखना।
इलाज क़दम दर क़दम
- मूल्यांकन: क्या, कितना, कब से; शरीर की हालत; साथ में डिप्रेशन, घबराहट या नींद की समस्या तो नहीं।
- सुरक्षित तरीक़े से नशा छुड़ाना (डिटॉक्स): हालत के हिसाब से घर पर कड़ी निगरानी में या अस्पताल में।
- दोबारा शुरू होने से रोकने की दवाएँ: शराब के लिए नाल्ट्रेक्सोन या एकैम्प्रोसेट जैसी दवाएँ, ओपिऑइड के लिए ब्यूप्रेनॉर्फ़िन पर आधारित इलाज।
- काउंसलिंग: नशे की तलब और जोखिम वाली स्थितियाँ सँभालना, नई दिनचर्या बनाना।
- परिवार और सहायता समूह: परिवार से बातचीत, ज़रूरत हो तो नशामुक्त लोगों के समूह।
- शरीर का ध्यान: लिवर, पोषण और विटामिन (जैसे थायमिन) की कमी पूरी करना।
जानिए डॉ. नस्कर के नशामुक्ति इलाज के बारे में, या शराब सेवन जाँचने वाली प्रश्नावली (AUDIT) भरकर देखें।
तुरंत इलाज ज़रूरी अगर
- शराब छोड़ने के बाद दौरा, गहरा भ्रम, अजीब चीज़ें दिखना या तेज़ बुख़ार।
- ओवरडोज़ के लक्षण: साँस बहुत धीमी, कोई प्रतिक्रिया नहीं, होंठ नीले। तुरंत 112।
- शराब पीने वाले को ख़ून की उल्टी, आँखें पीली या पेट में तेज़ दर्द।
आपके सवाल
क्या बिना बताए खाने में दवा मिला सकते हैं?
नहीं। छिपाकर दवा देना अनैतिक और ख़तरनाक है; कुछ दवाओं के साथ शराब पीने पर गंभीर प्रतिक्रिया हो सकती है। व्यक्ति को शामिल करके किया गया इलाज ही सबसे असरदार है।
फिर से पीना शुरू कर दिया, क्या सब बेकार गया?
नहीं। ठीक होने के रास्ते में फिर से शुरू हो जाना बहुत आम है। यह इलाज फिर से शुरू करने या बदलने का संकेत है, हार नहीं।
General health information, not a diagnosis or a substitute for seeing a doctor. If you are thinking of harming yourself, call Tele-MANAS 14416 (free, 24×7) or 112 now.এই লেখাটি সাধারণ স্বাস্থ্য-তথ্য, রোগনির্ণয় বা চিকিৎসকের পরামর্শের বিকল্প নয়। নিজের ক্ষতি করার চিন্তা এলে এখনই টেলি-মানস ১৪৪১৬ (বিনামূল্যে, ২৪ ঘণ্টা) বা ১১২-এ ফোন করুন।यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी है, निदान या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं। ख़ुद को नुकसान पहुँचाने के विचार आएँ तो अभी टेली-मानस 14416 (मुफ़्त, 24×7) या 112 पर कॉल करें।