This article is in Hindi.এই লেখাটি হিন্দিতে।यह लेख हिंदी में है। Also available in:অন্য ভাষায়:अन्य भाषाओं में: English · বাংলা
परीक्षा, इंटरव्यू या किसी बीमार अपने को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। लेकिन जब चिंता लगभग हर बात पर, महीनों तक बनी रहे, क़ाबू में न आए और शरीर पर भी असर दिखने लगे, तो इसे एंग्ज़ायटी डिसऑर्डर कहा जाता है। यह बहुत आम है और इसका अच्छा इलाज संभव है।
ज़रूरी बातें
- एंग्ज़ायटी के कई लक्षण शारीरिक होते हैं, इसलिए लोग पहले दिल या पेट के डॉक्टर के पास जाते हैं।
- जाँच में कुछ न निकलने का मतलब "सब वहम है" नहीं; एंग्ज़ायटी असली बीमारी है।
- सीबीटी थेरेपी और कुछ ख़ास दवाएँ असरदार हैं।
- नींद या सुकून की गोलियाँ थोड़ी देर का आराम देती हैं, स्थायी हल नहीं।
शरीर और मन में क्या होता है
- हमेशा कुछ बुरा होने की आशंका।
- बेचैनी, तनाव, ज़रा सी बात पर चौंक जाना या चिढ़ जाना।
- दिल तेज़ धड़कना, साँस भारी लगना, पसीना, हाथ-पैर ठंडे।
- गर्दन-कंधों में अकड़न, सिरदर्द।
- एसिडिटी, पेट फूलना, बार-बार शौचालय जाना।
- रात में नींद देर से आना या बीच में खुल जाना।
- ध्यान न लगना, दिमाग़ ख़ाली हो जाना।
एंग्ज़ायटी के रूप
- जनरलाइज़्ड एंग्ज़ायटी: लगभग हर विषय पर ज़रूरत से ज़्यादा चिंता।
- पैनिक अटैक: अचानक तेज़ डर की लहर, लगता है जान निकल जाएगी।
- सोशल एंग्ज़ायटी: लोगों के सामने बोलने या खाने में भारी झिझक और डर।
- फ़ोबिया: ऊँचाई, इंजेक्शन, कुत्ते, लिफ़्ट जैसी किसी ख़ास चीज़ का डर।
- सेहत को लेकर चिंता: बड़ी बीमारी का डर और बार-बार जाँच कराना।
बार-बार आने वाले अनचाहे विचार और बार-बार एक ही काम करने की मजबूरी हो तो पढ़ें ओसीडी।
इलाज और राहत
- सीबीटी (कॉग्निटिव बिहेवियरल थेरेपी): चिंता के चक्र को पहचानना, बेवजह के डर पर सवाल उठाना, बचने की आदत धीरे-धीरे कम करना।
- दवाएँ: एस्सिटालोप्राम या सर्ट्रालीन जैसी दवाएँ रोज़ लेने पर कुछ हफ़्तों में घबराहट घटाती हैं। क्लोनाज़ेपाम जैसी दवाएँ सिर्फ़ थोड़े समय के लिए।
- अपना ख़याल: चाय-कॉफ़ी कम करना, नियमित व्यायाम, धीमी साँस का अभ्यास। काम कॉर्नर में दो मिनट अभ्यास करके देखें।
- शारीरिक कारणों की जाँच: थायरॉइड जैसी समस्याओं को परखना।
देर न करें अगर
- चिंता की वजह से नींद, काम या रिश्ते प्रभावित हो रहे हैं।
- सुकून के लिए रोज़ शराब या नींद की गोली चाहिए।
- घबराहट के साथ उदासी, निराशा या जीने की अनिच्छा आ रही है।
हिंदी में घबराहट जाँचने की प्रश्नावली भरकर देखें।
आपके सवाल
मेरा स्वभाव ही चिंता करने वाला है, क्या इसका भी इलाज है?
कुछ लोग स्वभाव से ज़्यादा चिंता करते हैं, पर जब यह ज़िंदगी रोकने लगे तो इलाज से बहुत फ़ायदा होता है। इलाज आपकी शख़्सियत नहीं बदलता, तकलीफ़ कम करता है।
क्या घबराहट की दवाओं की लत लगती है?
रोज़ ली जाने वाली एसएसआरआई दवाओं की लत नहीं लगती। बेंज़ोडायज़ेपीन वर्ग की सुकून देने वाली दवाओं पर लंबे समय में निर्भरता हो सकती है, इसलिए डॉक्टर इन्हें सीमित रखते हैं।
General health information, not a diagnosis or a substitute for seeing a doctor. If you are thinking of harming yourself, call Tele-MANAS 14416 (free, 24×7) or 112 now.এই লেখাটি সাধারণ স্বাস্থ্য-তথ্য, রোগনির্ণয় বা চিকিৎসকের পরামর্শের বিকল্প নয়। নিজের ক্ষতি করার চিন্তা এলে এখনই টেলি-মানস ১৪৪১৬ (বিনামূল্যে, ২৪ ঘণ্টা) বা ১১২-এ ফোন করুন।यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी है, निदान या डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं। ख़ुद को नुकसान पहुँचाने के विचार आएँ तो अभी टेली-मानस 14416 (मुफ़्त, 24×7) या 112 पर कॉल करें।